साक्षात्कार: मंजुश्री से डॉ. ऋतु शर्मा ननंन पाँडे का साहित्यिक संवाद

वरिष्ठ साहित्यकार व “कथाबिंब पत्रिका की संपादक मंजुश्री से डॉ. ऋतु शर्मा ननंन पाँडे का साहित्यिक संवाद

साहित्य में कुछ ऐसे लोग होते हैं जो ख़ुद को केवल एक विधा तक सीमित नहीं रखते; बल्कि उनका पूरा जीवन ही एक साहित्यिक संस्था बन जाता है। आदरणीय मंजु श्री जी हिन्दी सारस्वत संसार का ऐसा ही देदीप्यमान नक्षत्र हैं और समकालीन कहानी आंदोलन की रीढ़ मानी जाने वाली पत्रिका ‘कथाबिंब’ की यशस्वी संपादिका, एक सजग लेखिका और प्रखर विचारक के रूप में उनका योगदान अतुलनीय है। लगभग साढ़े चार दशकों की उनकी यह अनवरत यात्रा केवल पृष्ठों को छापने की यात्रा नहीं है बल्कि यह हिन्दी कथा साहित्य के इतिहास को गढ़ने और उसे सहेजने का एक समग्र अनुष्ठान रहा है। जीवन के गहरे दर्शन से उपजे उनके संपादकीय और उनके लेखन ने हमेशा समाज की विसंगतियों को आईना दिखाया है। आज हम उनके संपूर्ण और समृद्ध साहित्यिक जीवन, उनकी कृतियों, उनके संपादकीय अनुभवों और उनके जीवन मूल्यों को गहराई से समझने के लिए उनके साथ संवाद करेंगे।

मंजुश्री:  नमस्कार ऋतु जी! इतना सुंदर परिचय देने के लिए धन्यवाद, आप भी वैश्विक मंच पर हिन्दी के प्रचार प्रसार के लिए बहुत बढ़िया काम कर रही हैं। आप नीदरलैंड्स में रहती हैं, और वहाँ से आप सभी देशों तक हिन्दी और अपनी संस्कृति को पहुँचाने का काम कर रही हैं। आप अनुवाद भी कर रही हैं, आपने डच से हिन्दी और हिंदी से डच में अनुवाद किया है और अब भी कर रही हैं, उसके माध्यम से आप हिन्दी को विश्व के पटल पर और अधिक विस्तार दे रही हैं इसके लिए आपका अभिनंदन।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: बहुत-बहुत आभार दी, जब हमारे पाठक और अन्य रचनाकार हमारे कार्यक्रम से जुड़ते हैं, तो उनके पास अपनी उत्सुकताओं और जिज्ञासाओं से भरी प्रश्नों की एक बहुत लंबी सूची होती है उन्होंने कुछ सवाल तैयार किए हैं जो वे आपसे पूछना चाहते हैं और आपके बारे में जानना चाहते हैं। उनका पहला सवाल यह है कि जब हम आपके समग्र साहित्यिक जीवन को देखते हैं, तो उसमें एक गहरी दार्शनिक समझ दिखाई देती है। क्या आपके बचपन और आपके परिवेश के शुरुआती संघर्षों ने आपके भीतर के लेखक और विचारक को आकार देने में भूमिका निभाई, या कोई ऐसी घटना या प्रेरणा थी जिसके कारण हमें आपके लेखन में एक विशेष दृष्टिकोण दिखाई देता है?

मंजुश्री: अच्छा प्रश्न है ऋतु जी, जिस दर्शन की आप बात कर रही हैं, मेरा मानना है कि हर व्यक्ति किसी न किसी हद तक दार्शनिक होता है। दर्शन का अर्थ है कि आप चीजों को थोड़ी गहराई से देखते हैं। आप उनमें थोड़ा और गहराई से भीतर उतरते हैं। हम सब ये सारी चीजें देखते हैं। घटनाओं का अवलोकन करते हैं, हम अपने आसपास के माहौल और परिवेश को देखते हैं लेकिन एक लेखक इन्हीं चीजों में कहीं अधिक गहराई से उतरता है। उदाहरण के लिए, यदि आप एक फूल देखते हैं, तो फूल सुंदर है। लेकिन लेखक उसकी ख़ुशबू पर ध्यान देगा, वह उसके भीतर के रंगों पर ध्यान देगा, उसकी सुगंध में अन्य भावों की तलाश करेगा। जैसा कि अर्जुन को केवल चिड़िया की आँख दिखाई दी; उनका ध्यान केवल उसी पर था, बाकी कुछ नहीं दिख रहा था लेकिन हम सब कुछ देखते हैं हम सिर्फ एक चीज़ पर ध्यान केंद्रित नहीं करते हैं। उसके आसपास और उसके भीतर की बहुत सी चीजों के अलग अर्थ ढूंढते हैं, वही दर्शन है। मेरे कहने का मतलब यह है कि लेखक अपने आसपास के परिवेश को आत्मसात करता है। मेरे पिता जी की ट्रांसफ़रेबल नौकरी थी, इसलिए हमने कई जगहों की यात्रा की और हर तरह के लोगों से मिलते थे हालाँकि मेरा बचपन ऐसे संघर्षों से भरा नहीं था जिसने मुझे अनोखे अनुभव दिए हों, फिर भी मैंने अपने आसपास की हर चीज़ का अवलोकन किया; मेरे पिता जी आदिवासी क्षेत्रों में भी पदस्थ रहे, भले ही मैं तब उनकी जीवनशैली को पूरी तरह से नहीं समझ पाती थी, लेकिन जब आप लिखने बैठते हैं तो उन अनुभवों के पीछे छिपे सच याद आते हैं। जैसे-जैसे मैं बड़ी हुई और क्षितिज का विस्तार हुआ, मैं बहुत लोगों से मिली, और मैंने बडी कक्षा के छात्रों को पढ़ाना शुरू किया उनको पढ़ाते हुए, मैं उनकी समस्याएं, सपनों, आकांक्षाओं के बारे में सुनती थी – सोलह, सत्रह, अट्ठारह साल के बच्चों की समाज से अपनी अलग अपेक्षाएं और नजरिया होता है। उसका प्रभाव पड़ा। चीजों को अच्छे से देखने और उन भावनाओं, अनुभूतियों को व्यक्त करने के लिए लिखना आरंभ किया फिर जब पत्रिका का प्रकाशन शुरू किया, तो मैं संपादकीय और लेख लिखती थी, और जब आप लिखने बैठते हैं, तो आप भी समाज से कई सवाल पूछने लगते हैं। हमारा परिवेश इतना विशाल है और हमारे चारों ओर फैला हुआ है। हम इससे इतना कुछ देखते हैं और इतना कुछ लिखते हैं। इसलिए अगर आप कहती हैं कि मेरी रचनाओं में कुछ दार्शनिक विचार दिखाई देते हैं, तो इसका श्रेय मेरे इसी परिवेश को जाता है।

Manju Shree

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: हाँ, बिल्कुल, परिवेश, परवरिश, वातावरण और जिस तरह से आपका पालन-पोषण होता है, आपके आसपास का माहौल आपके पूरे जीवन पर प्रभाव छोड़ता है। आपने उल्लेख किया कि आपके पिताजी की नौकरी के कारण वे कभी एक जगह नहीं रहे, इसलिए आपको कई अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग अनुभव मिले। यह बहुत अच्छी बात है, जैसा कि आपने कहा, लेखकों के बारे में कि वे चीजों को थोड़ी और गहराई से समझते और देखते हैं यह बिल्कुल सच है तो शायद यही बात एक लेखक को दूसरों से थोड़ा अलग बनाती है, क्योंकि उनकी अंतर्दृष्टि बहुत गहरी होती है तो मुझे लगता है कि शायद यही वजह है कि हम आपके लेखन में दर्शन देखते है। वरिष्ठ साहित्यकार और हिन्दी साहित्य प्रेमी, आदरणीय डॉ। अशोक कुमार ज्योति जी, आदरणीय अशोक वशिष्ठ जी, आदरणीय तरसेम गुजराल जी, आदरणीय सुमति सक्सेना और दीपक जी तथा और कई अन्य लेखकों का अगला सवाल इसी से जुड़ा है। वे जानना चाहते हैं, कि आपने लंबे समय तक ‘कथाबिंब’ पत्रिका का संपादन किया, और हर बार लोग आपके संपादकीय का इंतज़ार करते थे, यह उम्मीद करते हुए कि आप हर बार एक नया विषय लाएंगी। इसी से जुड़ा एक सवाल है कि आपके संपादकीय और लेख जैसे अपना अपना सुख, व्यक्ति के अंतर्मन की तृष्णाओं और सामाजिक वास्तविकताओं के बीच के द्वंद्व को कैसे सामने लाते हैं। जीवन के इस गहरे दर्शन को अपनी कृतियों में पिरोने की प्रेरणा आपको कहाँ से मिली?

मंजुश्री: ऋतु जी, तृष्णाएं या इच्छाएं तो हर इंसान में होनी चाहिए और होती भी हैं, और इच्छा एक ऐसी चीज़ है जो कभी खत्म नहीं हो सकती क्योंकि अगर किसी चीज़ के लिए आपकी प्यास बुझ गई, तो आप आगे क्या करेंगे? यह बनी रहती है, यानि आपकी बहुत सी इच्छाएं होती हैं, आप अपने चारों तरफ देखते हैं, बहुत कुछ करना चाहते हैं। मन के भीतर एक तरह की प्यास जागती है प्रश्न उठते हैं जिनके उत्तर आप खोजना चाहते हैं, लेकिन समाज की वास्तविकताएं बिल्कुल अलग हैं। समाज के अपने नियम हैं, अपनी मर्यादाएं हैं, और आपको उन सभी का पालन भी करना पड़ता है। इच्छाओं का कोई अंत नहीं है, और उनका पीछा करने में हमें एक संतुलन बनाना पड़ता है जैसे कि मैं बहुत कुछ हासिल करना चाहती हूँ। पारिवारिक जिम्मेदारियां और सामाजिक पाबंदियां होती हैं जो यह तय करती हैं कि आप क्या कर सकती हैं क्या नहीं कर सकतीं, और महिलाओं के लिए ये पाबंदियां और भी ज़्यादा हैं। कहा जा सकता है कि इच्छाओं का कोई अंत नहीं है, और न ही होना चाहिए। मुझे लगता है कि इंसान को बस काम करते रहना चाहिए; जैसे ही एक काम पूरा होता है, आप स्वाभाविक रूप से दूसरा करना चाहते हैं। तो चाहे आप संपादन कर रही हों, लिखना चाहती हों, या घर से बाहर काम कर रही हों, आपकी आकांक्षाओं को समझना हरेक के लिए संभव नहीं होता, और वे नहीं समझते। लेकिन हमें काम करने, बाहर निकलने, लिखने और महिलाओं के लिए समान दर्जे की तलाश करने की इस इच्छा को सामाजिक मर्यादाओं के साथ संतुलित करते हुए पूरा करना है। वैसे  चाहे आप पुरुष हों या महिला, सबको सामाजिक पाबंदियों का सामना करना पड़ता है। मेरी रचनाओं में जैसे आपने अपना अपना सुख का जिक्र किया या अन्य रचनाओं में इसका जिक्र मिलेगा। आप इसे विरोध तो नहीं कह सकतीं, उदाहरण के लिए मेरी कहानी ‘सजायाफ़्ता’ या ‘उसका सच सच’ को लें। उनमें, और मेरे संपादकीय में, आपको सामाजिक मुद्दे झलकते हुए दिखाई देंगे, और इसका कारण यह है कि अधिक हासिल करने की  या तड़प आपको समाज में आगे बढ़ाती है। अगर आप आगे बढ़ना चाहते हैं, तो आपको एक संतुलन बनाना होगा। अपने ही परिवेश के भीतर से अपना रास्ता निकालना होगा। जहाँ तक इन तृष्णाओं की बात है, यह एक कभी न खत्म होने वाली कहानी है। इन्हें कभी पूरी तरह से बुझाया नहीं जा सकता।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: हाँ, बिल्कुल सही कहा, अगला सवाल आपके संपादकीय कार्य से जुड़ा है। हमारे लेखक जानना चाहते हैं कि चूंकि आप एक बेहतरीन लेखिका, एक सख्त और निष्पक्ष संपादिका दोनों हैं, तो जब एक लेखक संपादक की कुर्सी पर बैठता हैं तो अपने ख़ुद के लेखन और दूसरों की रचनाओं का मूल्यांकन करने के बीच संतुलन बनाना पड़ता है। पूरी तरह निष्पक्ष होना, जैसा कि यह भी कहा गया है कि आप एक बहुत ही सख्त और निष्पक्ष संपादिका हैं, तो इस संतुलन बनाए रखने के लिए आपको कैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

मंजुश्री: देखिए ऋतु जी, मैं सख्त तो नहीं कहूँगी, लेकिन आप निष्पक्ष अवश्य कह सकती हैं, क्योंकि संपादन कोई साधारण काम नहीं है। संपादक एक पाठक, एक लेखक और एक सर्जक भी होता है, और संपादन करते समय संपादक को इस अर्थ में निष्पक्ष होना चाहिए कि आपको केवल बड़े नामों को देखकर उनकी रचनाएं प्रकाशित नहीं करनी चाहिए। कि बस नाम देखा और कैसी भी रचना हो छाप दी। संपादक का काम हर किसी को एक मंच प्रदान करना है। देखिए, सबसे पहले रचना को देखना चाहिए। सबसे ज़रूरी बात यह है कि काम का मूल्यांकन होना चाहिए और  हमने नए लेखकों को मंच देने के लिए इस पत्रिका को शुरू करने का निर्णय लिया था। तो यह सवाल ही नहीं उठता कि आप केवल बड़े नामों को ही शामिल करें, क्योंकि अगर आप उन्हें ही मंच देते रहेंगे, तो बाकी लोग कहाँ जाएंगे? और इतना कुछ लिखा जा रहा है, आप विश्वास नहीं करेंगी कि कितने लेखक और पाठक हैं; जब आप उस समंदर में झांकते हैं, तब आपको इसका एहसास होता है।

तो निष्पक्षता कुछ इस तरह से बनी रहनी है। संपादक कोई अलग व्यक्ति नहीं है; उनका काम यह सामने लाना है कि क्या लिखा जा रहा है, क्या देखा जा रहा है और क्या पढ़ा जा रहा है, उसे एक मंच देना है इसीलिए आप कह सकती हैं कि मैं कुछ हद तक निष्पक्ष रही।।। क्योंकि जब पत्रिका शुरू की थी, तो यह दो महीने में एक बार आती थी, फिर हमने इसे त्रैमासिक कर दिया तो ज़रा सोचिए, अगर आपकी पत्रिका के साल में चार अंक प्रकाशित हो रहे हैं, तो उनमें कितनी रचनाएं आ रही हैं! कितने लोग लिख रहे है जब  माधव जी ’65 में नौकरी में आए, तो ’67 के आसपास उन्होंने एक और विज्ञान पत्रिका पर काम किया; दरअसल, इस कथाबिंब पत्रिका को निकालने का विचार हमारे भीतर तभी जन्मा था। उसकी वजह यह थी कि उस समय धर्मयुग, साप्ताहिक हिंदुस्तान और सारिका जैसी कई बड़ी पत्रिकाएं थीं, तो उनमें जो लेख और कहानियां आती थीं, वे बहुत कम और चुनिंदा होती थीं। और उनमें काफी प्रतिष्ठित और बड़े लेखकों की रचनाएं होती थीं; वैसे भी, किसी एक पत्रिका में सभी को जगह देना असंभव है। जगह की अपनी सीमाएं होती हैं, फिर हमने सोचा कि हमें एक ऐसी पत्रिका निकालनी चाहिए जहाँ हम उन नए युवा लेखकों को एक मंच दे सकें जो इतना कुछ लिख रहे हैं, और जब हम इस पत्रिका को लाए और संपादन का कार्य शुरू हुआ, तब आपके अपने भीतर के जो कई सवाल होते हैं, उनको पूछने का मौका मिला, आप यह भी देख रहे हैं कि क्या लिखा जा रहा है। आपका दृष्टिकोण उतना ही विस्तृत होता है।  फिर, जब आप नए लोगों को जगह देते हैं, तो उन्हें वह पहचान मिलती है जिसके वे हकदार हैं। हमारी पत्रिका इस तरह शुरू हुई, इसलिए मेरे संपादन में आप कह सकती हैं कि किसी हद तक निष्पक्षता दिखाई देती है और दिखनी भी चाहिए। हर संपादक में यह गुण होना चाहिए, हमारा उद्देश्य अलग ही था।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: यह समझने योग्य है कि जब आप किसी भी जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाते हैं, तो आप उसके लिए बनाए गए नियमों का पालन करते हैं; और चूंकि पत्रिका जिस समय शुरू की गई थी, आपने उल्लेख किया कि सभी वरिष्ठ साहित्यिक हस्तियों, जाने-माने नामों को ही आमंत्रित किया जा रहा था, आप चाहती थीं कि युवाओं को एक नई दिशा मिले, एक नया क्या कहूँ, एक नया मंच मिले जहाँ वे महसूस कर सकें कि हाँ, हम भी इस मंच पर अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर सकते हैं। और उस समय भी युवा बहुत अच्छा लिख रहे थे, और मैं समझ सकती हूँ कि कई बार कई चुनौतियां आती हैं। जैसे जब बच्चे बीमार होते हैं, तो उन्हें कड़वी दवा देनी पड़ती है, बच्चे को ठीक करना होता है। तो उसी तरह पत्रिका का स्तर बनाए रखने के लिए आपको भी ऐसी चुनौतियों और कठिनाइयों का सामना करना पड़ा होगा।

मंजुश्री: हाँ, मैं कहना चाहती हूँ कि हम अक्सर सोचते हैं कि हिंदी के पाठक या लेखक नहीं हैं, लेकिन जब आप चारों तरफ गहराई से देखते हैं, और वाकई उस क्षेत्र के भीतर बहुत भीतर उतरते हैं, तब आपको एहसास होता है कि कितना ज्यादा लिखा जा रहा है। पाठक के भीतर की प्यास, वह तड़प जिसका आपने ज़िक्र किया तृष्णा—उस पत्रिका को शुरू करने का हमारा यही उद्देश्य था हम उस प्यास को बुझाने के लिए सही सामग्री और मंच प्रदान करना चाहते थे, और जब हमने शुरुआत की, तो उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के दूर-दराज़ के गांवों से लेखक और पाठक हमसे जुड़ने लगे। आपको समझना होगा, हमने यह पत्रिका ’79 में शुरू की थी। कारण यह था कि माधव हिन्दी भाषा के प्रति बहुत समर्पित थे। वह भाभा एटॉमिक एनर्जी अनुसंधान केंद्र में काम करते थे,  एक वैज्ञानिक थे, यह काफी चर्चा और आश्चर्य का विषय था कि एक वैज्ञानिक को विज्ञान और हिन्दी दोनों के लिए इतना गहरा जुनून कैसे हो सकता है। उनका यह दृढ़ विश्वास था कि हिंदी का भविष्य बहुत उज्जवल है वह हिन्दी को आगे लाना चाहते थे, क्योंकि उन्हें इसके बढ़ने की अपार संभावना दिखाई देती थी। चाहे वह विज्ञान के क्षेत्र में हो या साहित्य के।  इस तरह पत्रिका की शुरुआत हुई; एक पत्रिका प्रकाशित करने के लिए जब आपको छोटी जगहों से, बहुत दूर-दराज़ के गांवों से योगदान मिलता है, और तब आपको एहसास होता है कि आप वास्तव में कहाँ हैं। आप इसे निष्पक्षता कहें, या जो भी आप चाहें।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: यह एक और भी महत्वपूर्ण बात पता चली हिन्दी के प्रति इतना गहरा झुकाव रखने वाला वैज्ञानिक! यह सचमुच महत्वपूर्ण है और इस पत्रिका को खास बनाता है। आपने सभी को जगह दी और युवाओं को लिखने का अवसर प्रदान किया, जो एक बड़ी उपलब्धि है। अगला सवाल इसी से जुड़ा है, युवाओं को लेकर आपका एक उपन्यास है, ‘आखिरी पायदान’ उसमें भी आपने युवाओं और हमारे समाज में व्याप्त विसंगतियों या मानसिकता के बारे में लिखा है, हमारे पाठक आपसे इस उपन्यास के बारे में जानना चाहेंगे।

मंजुश्री: जरूर, दरअसल यह उपन्यास, ‘आखिरी पायदान पर खड़ा आदमी’—’आखिरी पायदान’ उस  विभाजन को संदर्भित करता है जिस तरह से हमने समाज को जातियों में विभाजित किया है। आप और हम सभी जानते हैं, यह पदानुक्रम और भेदभाव, जो जन्म से विरासत में मिलता है, मृत्यु तक बना रहता है। अगर आप कभी जीवन में उठना चाहते हैं, तो आसान नहीं है। मेरा उपन्यास एक ऐसे युवक के बारे में है, जो कुछ परिस्थितियों के कारण कानपुर से मुंबई की यात्रा करता है। मूल रूप से, यह उपन्यास उस यात्रा के दौरान उसके जीवन के संघर्ष के बारे में है।

उसके माता-पिता कानपुर में चमड़ा उद्योग में काम करते थे, उन परिस्थितियों के बारे में है जहाँ झुग्गियों में बच्चे पैदा होते हैं, और जिस तरह का काम उसके पिता करते थे।उन्हें नालों में और उस नदी में कूदना पड़ता था जहाँ चमड़े का कचरा बहता था, गंगा में, फेंकी गई वस्तुओं और यहाँ तक कि लाशों को बाहर निकालने का काम करता था एक सचमुच बड़ा घिनौना काम, अपने पिता की मृत्यु के बाद, वह उस सब को पीछे छोड़कर मुंबई भाग जाता है क्योंकि वह यह काम नहीं करना चाहता था। सोचता है कि वह किसी तरह वहाँ सफल हो जाएगा। वह आता तो है लेकिन यहाँ नीचे से ऊपर उठना आसान काम नहीं है। जब ज़िंदगी आपको कहीं किसी जगह लाकर पटक देती है, तो आपको ख़ुद ही तैरना सीखना पड़ता है। बड़ी मुश्किल से वह यहाँ-वहाँ होटलों में काम करता है, बर्तन धोता है,स्टेशन पर सोता है, इधर उधर के काम करता है। किसी तरह वह पढ़ते हुए आगे बढ़ने की कोशिश करता है। और आखिरकार, वह एक बीपीओ में काम करना शुरू कर देता है। जब वह वहाँ पहुंचता है, तो उसकी आर्थिक स्थिति निश्चित रूप से सुधरती है, लेकिन जिस जाति में जन्म हुआ है उससे ऊपर उठना मुश्किल है। यहाँ मैंने यह भी बताने और लिखने की कोशिश की है कि आपकी आर्थिक स्थिति सुधर सकती है। आप पैसों के दम पर ऊपर उठ सकते हैं। आपके पास घर, गाड़ी और वह सब हो सकता है। लेकिन मन में हमेशा यह विचार रहता है कि उसकी पैदाइश बदली नहीं जा सकती।

और एक और बात जो इस उपन्यास में उठाई है वह यह है कि उसे एक लड़की से प्यार हो जाता है, जो उसी की जाति की है। वह सोचता है कि उस लड़की के साथ।।।, लेकिन जब उस लड़की को मौका मिलता है, तो वह किसी उच्च जाति के लड़के से शादी कर लेती है, चाहे वह कैसा भी दिखता हो, क्योंकि तब उसका उपनाम बदल जाएगा और उसकी जाति बदल जाएगी। लेकिन लड़का।।।। वह तब कहता है कि सब कुछ बदल सकता है, लेकिन किसी की पैदाइश नहीं बदलती और वह उसी दलदल में फंसा रहता है, वह यहाँ तक कहता है कि उसको तो मौका मिला और उसने उसे लपक लिया, दूसरे को पीछे छोड़ दिया। यह उपन्यास सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति, उसकी मानसिक स्थिति और वह जीवन भर कितना संघर्ष करता है उस दलदल से निकलने के लिए, इसके बारे में है।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: समाज की एक विडंबना ही कहिए, और  मैंने पढ़ा है कि हमारे उपनिषदों में ऐसी कोई जाति या वर्ण व्यवस्था नहीं थी। यह विभाजन काम पर आधारित हुआ करता था सभी के काम बंटे हुए थे। हाल ही में तेजेंद्र शर्मा ने ‘पुरवाई’ में इसके बारे में एक संपादकीय लिखा था, जिसमें कहा गया था कि लंदन और अमेरिका में इस्तेमाल होने वाले उपनाम इस बात पर आधारित हैं कि व्यक्ति किस गांव में रहता है। स्मिथ एक बहुत ही आम नाम है। तो जो लोग वह काम करते थे, वे स्मिथ का इस्तेमाल करने लगे। तो यह वर्ण व्यवस्था वहाँ मौजूद नहीं है; इन्हीं लोगों ने इसे बनाया, भारत में इस व्यवस्था की शुरुआत की, और अब ये ही लोग इसमें विश्वास नहीं करते। फिर हमने उस वर्ण व्यवस्था का उपयोग या दुरुपयोग कैसे किया, मुझे समझ नहीं आता। लेकिन यह एक बहुत बड़ी विडंबना है कि आपके माथे पर एक ठप्पा लगा दिया जाता है। और फिर आप उससे बच नहीं पाते। तो इसके बारे में कोई क्या कह सकता है? यह एक बहुत अच्छा उपन्यास है, जो संघर्ष आपने दिखाए हैं और कैसे वह अपने पिता द्वारा किए जाने वाले काम के अलावा अन्य काम करना चाहता था। हालांकि उसके पिता भी बहुत महत्वपूर्ण काम कर रहे थे। जो गंदगी हम गंगा में डालते हैं, वास्तव में वे मां गंगा की सफाई अपने तरीके से कर रहे थे। हम गंदगी फैलाते हैं, हम अपनी ही गंदगी नहीं ढोना चाहते। हम इसे साफ नहीं करना चाहते। ऐसा काम करने वालों के लिए तो हमें धन्यवाद कहना चाहिए और यूरोप में तो, कई सालों से मैं यहाँ हूं और आप भी हैं यहाँ हम रानी से लेकर नौकरानी तक सब काम ख़ुद ही करते हैं। यह वास्तव में सच है। तो इसमें हम क्या जाति देखने वाले हैं? ब्राह्मण होने के बाद भी, मैं अपना शौचालय ख़ुद साफ करती हूं, क्योंकि यहाँ मेरी सेवा करने या यह काम करने के लिए कोई नहीं है, इसलिए काम को काम के चश्मे से देखा जाना चाहिए। लेकिन आपका उपन्यास समाज को एक नया दृष्टिकोण देता है, एक इंसान को केवल एक इंसान के रूप में देखें, और उस बच्चे ने भी महसूस किया कि चूंकि लड़की ने किसी और से शादी कर ली, उसका उपनाम बदल जाएगा। लेकिन इसे बदलने से क्या बदल जाएगा? 

मंजुश्री: नहीं, आने वाली पीढ़ियों के लिए यह मायने रखता है, एक-दो पीढ़ियों के बाद इंसान भूल जाता है कि उसकी पैदाइश क्या थी। आपने गांव के आधार पर नाम बदलने के बारे में जो कहा, वही कारण है कि जो पहचान आपके पास है, उसने कम से कम आपको समाज में एक दर्जा दिया है, या सबके साथ उठना बैठना संभव है, बस वही मुख्य कारण है। अगर आप देखें तो भेदभाव अभी भी बना हुआ है अब चाहे आप इसे वर्ग व्यवस्था कहें या पदानुक्रम, केवल जाति से ही नहीं, बल्कि दफ्तरों में देखें, वहाँ काम करने वाले लोगों को देखें, एक तरह का भेदभाव स्वाभाविक रूप से मौजूद रहता है, न जाने क्यों, और जाति के साथ तो यह और भी अधिक दिखता है, इसलिए जब खाने-पीने और शादी—’बेटी-रोटी’ के मामले की बात आती है तब तो यह और अधिक दिखाई देता है। वरना देखिए, सब साथ हैं, और फिर आज विश्व का पटल इतना विशाल है। लोग एक जगह से दूसरी जगह आ जा रहे हैं। वे सिर्फ भारत में नहीं रह रहे हैं, वहाँ जब आप किसी ऑफिस में या कहीं और काम कर रहे होते हैं, तो ऐसा कोई भेदभाव नज़र नहीं आता। लेकिन जब शादी की बात आती है, तो हाँ, वह निश्चित रूप से कहीं न कहीं उभर कर आता है, यह सोच मन में इतनी गहराई तक बसी है कि हमेशा रहती है कभी नहीं जाती।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: लेकिन यह अच्छा है कि आज की युवा पीढ़ी, ज़ेन ज़ी (Gen Z), इसे प्राथमिकता दे रही है। यह बहुत अच्छी बात है, और भारत में भी काफी बदलाव आया है कि लोग अब इंसान को इंसान होने के नाते तवज्जो देते हैं। यदि आपके कर्म इंसान जैसे हैं, तो वे आपको इंसान के रूप में देखते हैं। क्योंकि उच्च जाति या इस जाति या उस जाति में होने के बजाय इंसान होना बहुत ज़रूरी है; सबसे पहले इंसान होना चाहिए। अमेरिका से हमारी वरिष्ठ लेखिका और कवयित्री अन्नदा पटनी दीदी का कहना है कि उपन्यास के कथानक से समाज में फैले भेदभाव का अंदाजा तो लगाया ही जा सकता है बदलते समय के साथ भी हमारे भारतीय समाज की बदहाली में कोई खास बदलाव नहीं आया है।यह सच है लेकिन हम अपनी इस पीढ़ी और आने वाली पीढ़ी से उम्मीद कर रहे हैं कि वे बदलाव ज़रूर लाएगी। इतनी उम्मीद तो कर ही सकते हैं। अगला सवाल यह है हमारे पाठक और लेखक जानना चाहते हैं, कि आपको पत्रिका का संपादन करते हुए 1979 से लेकर अब तक 44 साल से भी ज़्यादा समय हो गया है, आपने साहित्य के कई उतार-चढ़ावों को बहुत करीब से देखा है, चाहे पढ़ने, लिखने या सिर्फ बहुत कुछ सुनने के माध्यम से हो। आपको इतने समारोहों और कार्यक्रमों में भी आमंत्रित किया जाता है। तो इतने लंबे समय में आपने हिन्दी कहानी के सरोकारों, शिल्प और संवेदनाओं में क्या बड़े वैचारिक बदलाव देखे हैं? क्या कहानियां बदली हैं? क्या उनके पैमाने प्रतिमान बदले हैं? क्या प्रतीक, भाषा या सोचने के तरीके बदले हैं? 

मंजुश्री: बहुत अच्छा प्रश्न है। हिन्दी कहानी में बहुत बदलाव आया है। दरअसल, अगर आप 1956 या उससे भी थोड़ा पहले जाएं, तो तब से अब तक कई आंदोलन हुए हैं। ‘नयी कहानी’, ‘अकहानी’, ‘समांतर कहानी’—हर तरह के आंदोलन उभरे। खास तौर पर 1956 से 1972 तक, कमलेश्वर, मोहन राकेश और राजेंद्र यादव ‘नयी कहानी’ आंदोलन, के पैरोकार थे वह एक नई सोच थी। उनका तर्क अलग था—–देखिए, उससे पहले कहानियां ज़्यादातर ग्रामीण परिवेश, किसानों और उनकी दुर्दशा के बारे में लिखी जाती थीं; आप प्रेमचंद को पढ़ें, तो उस समय कहानियों के विषय और सरोकार अलग थे। आजादी के बाद लोगों ने कई नई संभावनाएं देखीं, लेकिन फिर, आजादी के बाद का मोहभंग हुआ, और एक बिल्कुल अलग नज़ारा सामने आया, इसलिए कहानी का रूप गांव से बाहर निकल आया, और लोग कहने लगे।।। बड़े-बड़े लेखकों ने महसूस किया कि हमें उस यथार्थ के बारे में लिखना चाहिए, उस भोगे हुए यथार्थ के बारे में, जिसे हम जी रहे हैं। तो उन्होंने उस तरह की कहानियाँ लिखनी आरंभ की। उस समय मन्नू भंडारी और अन्य कई लेखकों ने इस तरह की कहानियां लिखनी शुरू कीं। फिर ‘अकहानी’ आंदोलन का समय आया। होता यह है कि जब आप कोई शुरुआत करते हैं, तो कुछ लोग विरोध में खड़े हो जाते हैं, और उनका कहना था: यह क्या है कि हम सिर्फ यथार्थ की बात करते हैं? और जब आप यथार्थ की बात करते हैं, तो पारिवारिक विघटन, तलाक की बातें, घर के भीतर की समस्याएं—तो फिर यही लिखा जाने लगा,  उन्होंने कहा, “नहीं, यह कुछ और ही है।” यथार्थ केवल वह नहीं है जो हम देखते हैं। यह केवल उतना ही नहीं है। हमारी कुंठाएँ, हमारी आंतरिक अंतर्द्वंद्व भी सामने आने चाहिए। उनके बारे में लिखा जाना चाहिए। उन्होंने कहना शुरू किया कि जिंदगी उतनी सरल नहीं है जितनी दिखती है। हमारी जिंदगी बिखरी हुई है। सही है ना? एक बिखराव है, क्योंकि जब आप गांव से शहर आते हैं, तो शहर में अलग चीजें देखते हैं। औद्योगीकरण बढ़ रहा है, चीजें बदल रही हैं, इसलिए आपके सरोकार बदलने लगते हैं, तो उन्होंने विद्रोह करना शुरू कर दिया, और कहानी तथा उसकी भाषा थोड़ी बदल गई।

देखिए, समय के साथ बदलाव अपरिहार्य है, इसलिए लिखने का तरीका, बोलने का तरीका बदलेगा ही जैसे ज्ञानरंजन, सतीश जमाली या सुधा अरोड़ा, उन्होंने एक अलग तरह के खुलेपन को आगे बढ़ाया। फिर ‘समांतर कहानी’ आंदोलन आया, उसके बाद कई अन्य आंदोलन आए, जैसे ‘सचेतन कहानी’, ‘सक्रिय कहानी’, फिर ‘जनवादी लेखक’; लेकिन अगर आप वापस आएं, तो यह सब एक ही है। हमारी इच्छाएं बढ़ रही हैं, दुनिया का क्षितिज फैल रहा है, आपके विषय बदल रहे हैं, औद्योगीकरण हो रहा है, और आप विदेश भी जा रहे हैं, अपने देश से बाहर, तो अब आपका सामाजिक और राजनीतिक दृष्टिकोण व्यापक हो रहा है। अब आप केवल उन्हीं चीजों पर चर्चा नहीं कर सकते, जैसे परिवार, हालांकि परिवार में भी कई समस्याएं हैं, और आपके जो पारिवारिक रिश्ते हैं वे भी बहुत जटिल हैं। सिर्फ वही नहीं है। तो इस तरह ये आंदोलन और आपकी उम्मीदें बढ़ रही हैं। आपकी इच्छाएँ बढ़ रही हैं। आपका क्षितिज, या जिसे आप आसमान कहते हैं, आपके लिए अधिक सुलभ हो रहा है।

फिर उसके बाद महिला आंदोलन आया, और एक तरह से इसमें काफी।।। खुलापन दिखाई देने लगा। अब, वर्तमान परिदृश्य बिल्कुल एक विस्फोट की तरह है—यह हर मायने में विस्फोटक है। बहुत सारे युवा लिख रहे हैं। तो मेरा कहना यह है कि 1956 से लेकर आज तक सरोकारों, शिल्प और संवेदना में बहुत बदलाव आया है। खास तौर पर अन्य आंदोलनों के साथ-साथ स्त्री विमर्श, दलित विमर्श, आदिवासी विमर्श—इन सभी परिवर्तनों को आप भले ही अलग-अलग नाम दें, लेकिन सब वही है अगर आप आज देखें, तो महिला लेखन अत्यधिक बढ़ा है।

आप कह सकती हैं कि 1990 से 2015 तक स्वर्ण काल था, स्त्री विमर्श वास्तव में बहुत आगे बढ़ा। स्त्री विमर्श का मतलब यह नहीं है कि स्त्रियां पुरुषों का विरोध कर रही हैं, लेकिन अब तक पितृसत्तात्मक व्यवस्था रही है, उसमें महिलाओं पर कई पाबंदियां थीं, उन्हें बोलने का मौका नहीं मिला  अगर आप अतीत को भी देखें, उस समय की रचनाओं में आप देख सकती हैं कि अपने भीतर दबी हुई छिपी इच्छाओं को सतह पर लाने की कोशिश की जा रही थी, चाहे सुभद्रा कुमारी हों या महादेवी वर्मा, वे सभी उस समय लिख रही थीं।

फिर अकहानी आंदोलन के समय मैत्रेयी पुष्पा, मन्नू भंडारी और कृष्णा सोबती, मृदुला गर्ग जैसे कई लोगों द्वारा लिखी गई कहानियाँ और रचनाएं आईं, जिन्होंने इस बात पर बल दिया कि महिलाओं को हमेशा पुरुष दृष्टिकोण से चित्रित किया जा रहा था। सभी प्रकाशकों और समीक्षकों को देखें; वे सभी पुरुष थे, जो अपनी नज़र से स्त्रियों पर लिख रहे थे। तो उनका कहना है कि हमें हमारे अपने दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए; हमारी इच्छाओं, हम क्या करना चाहते हैं, और हमारी भावनाओं को उस तरह से देखा जाना चाहिए। तब जो लेखन शुरू हुआ वह खूब विकसित हुआ, और आज की युवा महिला लेखिकाएं यौन वर्जनाओं, नारी देह की स्वतंत्रता और राजनीति पर खुलकर लिख रही हैं, इतने सारे नए विषयों की तलाश कर रही हैं क्योंकि आज हम अपने देश, दुनिया और अपने आसपास की हर चीज़ से प्रभावित हैं। और अब तो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के आने से इतनी सारी चीजें हुई हैं जिन्होंने उनके दृष्टिकोण को व्यापक बना दिया है। ऐसा लगता है जैसे उड़ने के लिए उनके सामने पूरे आकाश का विस्तार है। महिलाओं ने अपने दृष्टिकोण से सब कुछ लिखना शुरू कर दिया है। आप इसे स्त्री विमर्श कह सकती हैं। महिलाएँ अब हर क्षेत्र में प्रवेश कर रही हैं, और साहित्य निश्चित रूप से उनमें से एक है।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: कहा जा सकता है कि कई चीजें जो उस समय स्वीकार्य नहीं थीं, जैसे मोहन राकेश का नाटक ‘आधे अधूरे’ या कमलेश्वर जी की रचना और कमलेश्वर जी के साथ आपके पारिवारिक संबंध हैं। उस समय जो बातें लिखी गई थीं, हम उन्हें वर्तमान में देखते हैं, कैसे हमारे रिश्ते कम हो गए हैं। समाज में परिवार बिखर गए हैं। उस समय जो लिखा गया था वह सच साबित हुआ है। आज संयुक्त परिवार टूट गए हैं। एकल परिवार नियम बन गए हैं, और बच्चे काम या पढ़ाई के लिए घर से दूर जा रहे हैं। पुरानी बातें समाज में मौजूद हैं हम अभी भी यह नहीं कह सकते कि महिलाओं की स्थिति बहुत मजबूत हो गई है, क्योंकि अभी कुछ ही दिनों पहले भारत में एक 17 साल की लड़की के साथ एक और घटना घटी, उससे पहले भी ऐसी कई चीजें होती रही हैं। तो यह नहीं कहा जा सकता कि महिलाओं की स्थिति बदली है।

लेकिन इस सब में एक बहुत अच्छी बात यह है कि आज के समकालीन लेखक विशेष रूप से लेखकों की वर्तमान पीढ़ी खुले तौर पर लिख रही है। वे समाज में जो कुछ भी देखते हैं, चाहे वे अच्छाई देखें या ऐसे क्षेत्र जहाँ समाज में सुधार की आवश्यकता है, वे उन विषयों पर लिख रहे हैं। आपने यह भी कहा कि उन्हें कई विषय मिले हैं, और ऐसा नहीं है कि सभी विषय बुरे हैं। हमारे भारतीय समाज में कई अच्छी बातें हैं जिनका उपयोग अच्छे उपन्यास लिखने के लिए किया जा रहा है। हमारी संस्कृति और पौराणिक काल की विदुषी महिलाओं के बारे में भी लिखा जा रहा है, और आज की वर्तमान स्थिति में महिलाओं द्वारा स्थापित नए मानकों के बारे में भी लिखा जा रहा है।

तो इसी से जुड़ा हमारी अन्नदा दीदी पूछती हैं, “स्त्री विमर्श पर आपके क्या विचार हैं; क्या यह महिलाओं की कुंठाओं की अभिव्यक्ति है या नहीं?” और एक और संबंधित सवाल है कि समकालीन हिन्दी साहित्य में स्त्री विमर्श या महिला लेखन के बारे में बहुत चर्चा होती है। जैसा कि हमने अभी कहा, एक महिला संपादक और लेखिका के रूप में आपने अपनी पत्रिका और लेखन में इस विमर्श को कैसे स्थान दिया है? क्या आपको इस पुरुष-प्रधान साहित्यिक जगत में कभी अतिरिक्त संघर्ष करना पड़ा? मेरा मतलब है, हम यह नहीं कह सकते कि यह अब बहुत पुरुष-प्रधान है क्योंकि महिलाएँ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। लेकिन जिस समय आपने कहा कि यह कहानी शुरू हुई थी, मुझे अच्छी तरह से पता है कि तब लड़कियों के लिए ऐसा था कि तुमने 12वीं पास कर ली, तो चलो अब तुम्हारी शादी कर देते हैं। मुझे लगता है कि दस में से केवल एक लड़की कॉलेज जाती होगी, और कॉलेज पूरा करने के बाद होता था कि चलो अब तुम्हारी शादी कर देते हैं, नौकरी नहीं। नौकरी मत करो; अगर काम करना ही है तो टीचर बन जाओ, यानी टीचिंग की नौकरी कर लो, किसी प्राइवेट फर्म या ऑफिस में काम मत करो। तो जब उस समय ऐसे विचार मौजूद थे, तो आपको कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा होगा, और अन्नदा दीदी का भी यही सवाल है।

मंजुश्री: ऋतु जी जैसा कि मैंने पहले बताया, इस पत्रिका को शुरू करने के पीछे एक अलग ही कारण था माधव और मैंने दोनों ने इसे मिलकर शुरू किया था। इसका कारण यह था कि हम हिन्दी को बहुत आगे ले जाना चाहते थे। बहुत सोच-विचार के बाद, क्योंकि हम दोनों काम कर रहे थे। इसलिए उस समय पत्रिका जैसा नया काम शुरू करना काफी कठिन था, फिर भी, हमने 1979 में पत्रिका शुरू की, और उसके बाद संपादन का काम खास तौर पर मुझ पर आ गया क्योंकि वह एक वैज्ञानिक थे और अपने शोध कार्य में बहुत व्यस्त रहते थे। उन्हें अक्सर बाहर यात्राएं भी करनी पड़ती थीं, आप जानती हैं कि घर, परिवार और नौकरी को संभालने के साथ-साथ एक पत्रिका चलाना काफी समय मांगता था, वैसे एक पत्रिका निकालना आसान काम है जब आप थोड़े उत्साही होते हैं, तो आप यहाँ-वहाँ मित्रों की सहायता से पत्रिका निकाल लेते हैं फिर आता है आर्थिक संकट जिसके कारण पत्रिका लगातार निकालते रहना आसान नहीं है। इतने सालों तक, अब देखिए कि यह पत्रिका 1979 से 2023 तक प्रकाशित हुई है, इसके साथ हमने कितनी चुनौतियों का सामना किया और कितनी सारी चीजें हुईं! कितना संघर्ष।।।। लेकिन एक महिला संपादक होने के नाते मुझे कोई खास दिक्कत नहीं हुई क्योंकि मेरा किसी राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था, न ही मेरी किसी से कोई प्रतिस्पर्धा थी। हमारा मकसद बिल्कुल अलग था; वह था विज्ञान और लेखन, सृजन।।।आपको बताऊं, जब यह पत्रिका पहली बार प्रकाशित हुई थी, तो दो-तीन साल तक इसका नाम “सृजन” था।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: अच्छा, ऐसा था क्या?

मंजुश्री: जी इसे “कथाबिंब” नाम बाद में मिला, सृजन का अर्थ यह था कि चाहे विज्ञान हो या हिन्दी, दोनों का काम सृजन ही है। लेकिन इस नाम से एक और पत्रिका थी, इसलिए इसे वह नाम नहीं मिला। मुझे संपादन में एक महिला के रूप में कोई खास परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा, बस लंबे समय तक कड़ी मेहनत करनी पड़ी; इतने सालों तक इसे निकालना आसान नहीं था बहुत पापड़ बेले हैं लेकिन हमें पाठकों और लेखकों दोनों से बहुत सहयोग मिला।

इतनी सारी रचनाएं आती थीं, इतनी रचनाएं कि हम उन्हें पढ़ने में ही व्यस्त रहते थे, फिर अपना भी थोड़ा-बहुत लिखनाआ-पढ़ना अगर आपको सात या आठ कहानियां, आलेख, कविताएं वगैरह प्रकाशित करनी हैं, तो आपको उन सात या आठ के लिए आने वाली हर एक कहानी और हर रचना को पढ़ना पड़ता है। जब आपको इतना कुछ करना होता है, तो आप स्वाभाविक रूप से बाकी सभी चीजों से दूर रहते हैं। उठा-पटक जो भी हों, हमारा उनसे कोई लेना-देना नहीं था। दूसरे संपादक क्या कर रहे हैं उससे हमें कुछ लेना-देना नहीं था हमारी अपनी पत्रिका है, हमारे अपने मानक हैं। अब हमें अपने लेखकों और उस उद्देश्य पर ध्यान केंद्रित करना है जिसे लेकर हम चले थे।

महिला संपादन! जैसा कि आपने पूछा, हाँ, यह बहुत अच्छा सवाल था—क्या आपको एक महिला संपादक होने में कोई कठिनाई हुई? मुझे ऐसी किसी कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। आप देखिए।।।। 80 के दशक के आसपास  एक साथ बहुत सारी पत्रिकाओं की बाढ़ सी आ गई, बहुत सी छोटी पत्रिकाएँ, उत्साही लोगों द्वारा शुरू की गईं, फिर धीरे धीरे बंद हो गईं। कहा जा सकता है कि इतने लंबे समय में वित्तीय कठिनाइयों के बावजूद, कथाबिंब हिन्दी के प्रति हमारे अपने लगाव और लिखने के जुनून के कारण चलती रही।

हम दोनों लिखते थे। माधव भी एक अच्छे लेखक थे। उनकी कहानियां हर जगह छप रही थीं, उनकी कहानियां साप्ताहिक हिंदुस्तान, सारिका और धर्मयुग में प्रकाशित हो रही थीं, हम दोनों लिखने पढ़ने वाले थे, इसीलिए इस पत्रिका का जन्म हुआ और यह पत्रिका चलती रही। वह इससे इतना प्यार करते थे, आप कह सकती हैं कि यह हमारी तीसरी संतान की तरह थी, हमारी बेटी, इससे बहुत लगाव था, और इसी वजह से पत्रिका इतने सालों तक निकलती रही। जहाँ तक संपादन का सवाल है, मुझे लगता है कि अन्नदा दी को उनका जवाब मिल गया होगा ज़्यादा संघर्ष करने की ज़रूरत नहीं पड़ी एकमात्र चुनौती यह तय करना था कि किस रचना को लिया जाए, किस कहानी को प्रकाशित किया जाए। पत्रिका का स्तर बनाए रखने की चुनौती अवश्य थी।एक संपादक का काम सिर्फ संपादन करना नहीं होता उसे बहुत सारी चीजें देखनी पड़ती हैं।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: हमारे रचनाकारों और पाठकों का आपकी रचनात्मक दुनिया से जुड़ा एक और सवाल है। वे जानना चाहते हैं कि आपकी रचनाओं में महानगरीय जीवन प्रमुखता से क्यों दिखाई देता है, खास तौर पर मुंबई का यांत्रिक, तेज़ रफ्तार जीवन? वे कहते हैं कि मुंबई चौबीस घंटे जागती है यह सोती नहीं है, आपके लेखन में टूटते मानवीय संबंधों का दर्द बहुत स्पष्ट रूप से उभर कर आता है।  इस विषय पर आपके समग्र लेखन का मुख्य उद्देश्य क्या है? मुंबई में इतने साल बिताने के बाद, इसने आपके रचनाकर्म को कैसे प्रभावित किया है?

मंजुश्री: दरअसल, आप अपने चारों तरफ जो देखते हैं, उसका असर हमेशा पड़ता है।  मैंने अपनी पढ़ाई कानपुर में की, और वहाँ से हम बम्बई आ गए। तब इसे बम्बई कहा जाता था। अब इसे मुंबई कहा जाता है, इसलिए कभी-कभी मुझे यह अभी भी बम्बई के रूप में याद आता है। तो जैसा कि मैंने उपन्यास में ज़िक्र किया, संघर्ष और बाकी सब।।। मुंबई सपनों का शहर है। आप जानती हैं, पूरे भारत से लोग यहाँ बड़े-बड़े सपने लेकर आते हैं, बहुत कुछ हासिल करना चाहते हैं। देखिए, बड़े शहर में जिंदगी इतनी आसान नहीं होती। अगर आप देखें तो चाहे वह दिल्ली हो, कोलकाता हो, चेन्नई हो या मुंबई, हर शहर की जिंदगी अलग है। लेकिन मुंबई—शायद इसलिए कि मैं यहाँ रहती हूँ—अनोखा है। यहाँ एक अलग तरह की चकाचौंध है, आप इसे जो भी कहें, यह दूर से बहुत चमकदार दिखती है, लेकिन यहाँ जिंदगी सरल नहीं है। मैंने यहाँ लोगों को बहुत संघर्ष करते देखा है, लोगों को आंखों में सपने लेकर आते देखा है। मेरा पहला संग्रह, ‘जागती आँखों का सपना’, पूरी तरह से इसी पर आधारित है। मुख्य कहानी का नाम ‘जागती आँखों का सपना’ है; जब कोई पहली बार आता है तो वह कैसे संघर्ष करता है। यहाँ झोपड़ियों और झुग्गियों में कैसे रहते हैं लोग। आप गांव से आए हुए लोगों को देखिए उनके पास जिंदगी की शुरुआत करने के लिए कुछ नहीं होता, बस थोड़े से पैसे और आंखों में बड़े सपने होते हैं। यहाँ बहुत संघर्ष है। आप अच्छे-अच्छे मध्यमवर्ग के लोगों को फुटपाथों पर सोते हुए या बर्तन धोने का काम करते हुए देखते हैं, वैसे आप किसी भी बड़े शहर में चली जाएं, यहाँ तक कि विदेश में भी, वहाँ भी हमेशा एक संघर्ष होता है।

तो, ये जीवन के संघर्ष कैसे एक व्यक्ति को ऊपर की ओर ले जाता है, यही आप मेरी पूरी रचनाओं में देखती हैं। मुंबई की जिंदगी नीचे से ऊपर जाने के बारे में है; ऐसा नहीं है कि लोगों के सपने साकार नहीं होते, कई लोगों के सपने सच होते हैं। हमारे अभिनेताओं को ही ले लीजिए; उनके इंटरव्यू सुनिए, और वे आपको बताते हैं कि वे कैसे कम पैसों के साथ आए थे और कितनी ऊंचाई तक पहुंचे हैं। लेकिन जब आप लोकल ट्रेन से यात्रा कर रहे होते हैं, तो आप एक तरफ ऊंची-ऊंची इमारतें देखते हैं वहाँ सुंदर दफ्तर बने हुए हैं, और दूसरी तरफ पटरियों के किनारे लोग झुग्गियों, झोपड़ियों में किस तरह से जीवन जी रहे हैं।

यहाँ जो झुग्गियां आप देखती हैं—मुझे छोटे शहरों के बारे में नहीं पता, लेकिन इन बड़े महानगरों में मध्यम वर्ग के लोग भी इन झोपड़ियों और बस्तियों में रहते हैं। जैसा कि मैंने अपने उपन्यास के बारे में बात करते समय बताया था, यहाँ का सबसे बड़ा झुग्गी क्षेत्र।।। धारावी।।। अगर आप वहाँ जाएंगी, तो आप न केवल मध्यम वर्ग को बल्कि उच्च-मध्यम वर्ग को भी वहाँ रहते हुए देखेंगी।

जब मैंने अपने उपन्यास में इसके बारे में लिखा, तो मैं वहाँ गई और देखा कि यह वास्तव में बहुत अच्छी तरह से व्यवस्थित शहर के अंदर एक शहर है। मैंने महानगरीय जीवन को बहुत करीब से देखा है और लगातार देख रही हूं, मुंबई की तुलना किसी और शहर से नहीं की जा सकती यह एक खूबसूरत जिंदादिल धड़कता हुआ शहर है जो लोगों के सपनों को पूरा करता है, इसके जैसा कोई और शहर नहीं है।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: इस शहर के लोगों की तेज़ रफ्तार, भागदौड़ भरी जिंदगी में जो बिखराव है।।। या जो दर्द है, वह सचमुच आपकी कहानियों में उभर कर आता है।

मंजुश्री:  महानगरीय जीवन के संबंध में  यदि कहूँ।।।और आपके पहले सवाल पर वापस आते हुए जो तृष्णा के बारे में था—यह वही बात है: यदि आप अपने भीतर के लक्ष्य को पाना चाहते हैं और उसमें सफल होना चाहते हैं, तो आपको संघर्ष करना ही होगा। यह द्वंद्व।।। किसी की इच्छाओं और उसकी सामाजिक वास्तविकताओं के बीच का संघर्ष है—जब कोई व्यक्ति उस संघर्ष के द्वारा आगे बढ़ता है, तो संतुष्टि कुछ और ही होती है। जब कोई बाद में अपने जीवन को मुड़कर देखता है कि उसने क्या हासिल किया है। तब उन्हें एहसास होता है कि संघर्ष बिल्कुल ज़रूरी और अपरिहार्य है। आप कहाँ रहते हैं इसका असर निश्चित रूप से पड़ता है।

मैंने वह सब अपने चारों ओर देखा,  ज़रा सोचिए, मैं लगभग 56 सालों से मुंबई में रह रही हूँ। मैं अपनी शादी के तुरंत बाद यहाँ आ गई थी। तो इन 56 सालों में मैंने मुंबई में इतना बदलाव देखा है, और जैसा कि आपने कहा कि साहित्य में आंदोलन हुए हैं, वैसे ही शहर में भी बहुत बदलाव आया है; यह संघर्षों से भरा शहर है, और यहाँ हर वर्ग के लोग रहते हैं।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: हाँ, बिल्कुल सही, हमारे आदरणीय लेखक और कवि अतुल त्रिपाठी जी का कहना है कि आपने महानगरीय जीवन पर बहुत अर्थपूर्ण विचार साझा किया मुंबई को आखिर सपनों का शहर जो कहा जाता है। मायानगरी… एक तरह से जो वहाँ जाते हैं वे पछताते हैं, और जो नहीं जाते वे भी पछताते हैं; फिर भी कहा जाता है कि जो सपने लेकर आते हैं और जिनमें हिम्मत होती है, उनके सपने वहाँ ज़रूर पूरे होते हैं।

एक और बात है, आजकल मीडिया और कई इंस्टाग्राम रील्स के माध्यम से बड़े-बड़े अभिनेता ही नहीं, बल्कि जो लोग मुंबई में बहुत अच्छे पदों पर सेटल हो चुके हैं, वे अपनी कहानियां साझा करते हैं। वे ख़ुद बताते हैं कि वे यहाँ मुंबई कैसे आए, कैसे उन्हें अपनी कड़ी मेहनत का फल ज़रूर मिला, और कुछ लोगों ने कुछ खोया तो कुछ ने पाया भी।

यह उनकी जीवन की कहानी है, हमारे लेखक और पाठक आपसे जानना चाहते हैं कि आप इतने लंबे समय से साहित्य से जुड़ी हुई हैं। आप पर पारिवारिक जिम्मेदारियां भी थीं तो जब आप इतने लंबे समय।।।। लगभग साढ़े चार दशकों की अपनी साहित्यिक यात्रा और कृतित्व को, अपने समर्पण और अपनी मेहनत को देखती हैं, तो आपको सबसे ज़्यादा संतुष्टि किस बात से मिलती है? क्या कोई ऐसा काम है जो आप अभी भी करना चाहती हैं या जो अधूरा रह गया है? क्या आपकी ऐसी कोई इच्छा या योजना है।

मंजुश्री: देखिए, जैसा कि मैंने आपको पहले बताया, हम बहुत व्यस्त थे। अपने शुरुआती जीवन में, अपनी युवावस्था में बहुत काम कर रहे थे, घर, बच्चों को संभालना, नौकरी और उस पर संपादन का काम, इसलिए उस समय मेरा लेखन थोड़ा कम रहा हालांकि ऐसा नहीं था कि मैं बिल्कुल नहीं लिख रही थी। लिख तो रही थी कुछ कहानियाँ प्रकाशित भी हो रही थीं। बहुत ज़्यादा नहीं, मैं उतना समय नहीं दे पाती थी। संपादन में इतना समय बीत गया, क्योंकि संपादन में आपको केवल भाषा और उन रचनाओं को ही नहीं देखना होता है। पत्रिका से जुड़ी बहुत सी चीजें देखनी होती हैं एक संपादक एक संतुलन बनाने वाले का कार्य करता है। वह पाठक और लेखक के बीच की एक कड़ी होता है। संपादक कोई अलग व्यक्ति नहीं होता। उसका केवल भाषा, वर्तनी और कहानी देखना ही एकमात्र काम नहीं होता।

इतने लंबे समय तक यह काम करने से मुझे जो अनुभव मिला वह भी बहुत अच्छा था। एक तरह से इसने मेरे दृष्टिकोण का बहुत विस्तार दिया। मुझे पता चला कि क्या लिखा जा रहा है, क्या पढ़ा जा रहा है। फिर दूसरी कई पत्रिकाएं, पुस्तकें और अपनी पत्रिका की प्रतिक्रियाएँ आती थीं। फीडबैक आता था, उसके माध्यम से आपको पता चलता था कि पाठक क्या चाहता है। वह भूख, वह आंतरिक भूख, तृष्णा—पाठक क्या चाहता है?

संपादन का काम बढ़ रहा था, और हम निश्चित रूप से व्यस्त थे। जहाँ तक मेरी बात है, इसके माध्यम से मेरा  क्षितिज बढ़ता गया क्योंकि आप केवल पढ़ नहीं रहे हैं, बल्कि आप अपने भीतर उन गुणों को आत्मसात भी कर रहे हैं तो इस तरह मैं आगे बढ़ती रही, और इसका प्रभाव मेरे लेखन में भी दिखाई देता है। देखिए, लेखन पर प्रभाव का मतलब है कि आप किसी चीज़ की नकल नहीं कर सकते। आपका अपना नजरिया बदलता है आप अवलोकन करते हैं कि चीजें कहाँ जा रही हैं और कितना लिखा जा रहा है।

उस समय जब हमने शुरुआत की थी तब जो रचनाएं हमारे पास आती थीं, वह टाइप की हुई भी नहीं होती थीं, हाथ से लिखी हुई होती थीं। आपको उनमें राइटिंग, भाषा, वर्तनी भी देखनी पड़ती थी, भाषा का मतलब कभी-कभी कोई लेख या कहानी बहुत अच्छी होती थी लेकिन भाषा में मामूली सुधार करने पड़ते थे। इसमें सुधार करने का मतलब यह था कि लेखक पाठक से जो कहना चाहता था, संपादक को वही पहुंचाने का प्रयास करना होता है।

कह सकती हूं कि संपादन का काम बढ़ता गया और इसमें बहुत समय लग गया उस समय हम पोस्टकार्ड से जवाब भेजते थे। छपाई एक बड़ी समस्या होती थी क्योंकि बम्बई में हिन्दी में छपाई  ही नहीं होती थी। पत्रिका इलाहाबाद से प्रकाशित और मुद्रित होती थी, हमें छपाई के लिए बहुत परेशानी उठानी पड़ी— जिसे आप मैनुअल लेबर कह सकती हैं— आज यह बहुत आसान हो गया है; इसका प्रभाव हम पर पड़ा, और आप कह सकती हैं कि यात्रा बस चलती रही।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: एक आखिरी सवाल, हम आपसे जानना चाहते हैं कि आज के युवा लेखक और पाठक बहुत तेज़ी से सतही लेखन की ओर बढ़ रहे हैं क्योंकि ए आई (AI) इतनी तेज़ी से आ गया है, और कोरोना महामारी के बाद से सोशल मीडिया और ऐसे मंचों के आने से लोग बहुत तेज़ी से साहित्यकार, कहानीकार और उपन्यासकार बनना चाहते हैं। इसलिए आपकी जीवन भर की साहित्यिक कमाई और अनुभव के आधार पर, साहित्यिक निष्ठा और गंभीरता बनाए रखने के लिए आप नए लेखकों को क्या ‘गुरु मंत्र’ देना चाहेंगी, ताकि उनका लेखन ऐसा न हो जिसे लोग आज पढ़ें और कल फेंक दें? आपकी पीढ़ी के स्तरीय लेखन की तरह, जो आज भी जारी है और हम इसे आज भी पढ़ रहे हैं, ताकि आज के लेखन का एक स्तरीय गुणवत्ता निर्मित हो सके। तो इसके लिए आप क्या ‘गुरु मंत्र’ देना चाहेंगी?

मंजुश्री: देखिए ऋतु जी, ‘गुरु मंत्र’ तो नहीं, अगर आप चारों तरफ देखें, तो आज बहुत सारा लेखन हो रहा है, और युवा लेखकों के द्वारा हो रहा है। हमारे मन में यह धारणा थी कि हिन्दी कम लिखी और पढ़ी जा रही है, कि हिंदी के पाठक या लेखक नहीं हैं। लेकिन जबरदस्त विस्फोट हुआ है; आज के युवा लेखक— क्या कहूँ।।।।मैं इतना पढ़ती हूँ, मेरे पास इतनी सारी पत्रिकाएँ आती हैं—और मैं देखती हूं कि वे इतना लिख रहे हैं और उन्होंने तो सारी सीमाएं तोड़ दी हैं।

मेरा मतलब है, युवा लेखकों के लिए गुरुमंत्र तो क्या बस इतना कहना है कि उन्हें बहुत पढ़ना चाहिए लिखने से पहले आपको वास्तव में पढ़ना होगा। जैसा कि मैंने कहा, पढ़ने से आपका दृष्टिकोण बदल जाता है, साथ ही आपको अवलोकन करना चाहिए। आजकल अशिष्ट या गाली-गलौज वाली भाषा का प्रयोग काफी बढ़ गया है। इसका मतलब यह नहीं है कि युवा लेखन सिर्फ सतही हैं? ऐसा नहीं है। हर तरह का लेखन मौजूद है। बहुत गंभीर लेखन हो रहा है, और आज का युवा लेखक अपने आसपास की दुनिया को देखता है और कई सवाल भी पूछता है। आप इन सवालों को उनकी कहानियों में देख सकती हैं, और वे अच्छा लिख रहे हैं। वे बहुत अच्छा लिख रहे हैं।

चाहे महिलाओं का लेखन हो या युवा पुरुषों का लेखन, वे बहुत बढ़िया काम कर रहे हैं। उन्होंने आज की सभी वर्जनाओं को दरकिनार कर दिया है। वे अपनी यौन इच्छाओं, देह, जाति और धर्म, हर मुद्दे पर लिखते हैं। वैश्विक राजनीति पर भी अद्भुत लेखन शुरू हुआ है। यह सिर्फ सतही नहीं है हर तरह का लेखन मौजूद है लेखक को गंभीरता से लिखना चाहिए, एक बात और इन दिनों लोगों को छपने की जल्दी रहती है। वह ठीक भी है छपना अच्छा है, जैसे पढ़ना अच्छा है। तो लिखने के लिए लिखो, सिर्फ छपने के लिए नहीं, और अच्छा लिखो, अपने लिखे को बार-बार पढ़ो।

क्योंकि देखिए, जब आप अपने लिखे को बार-बार पढ़ते हैं, तब आपको कई बदलाव मिलते हैं, और आपको एहसास होता है कि आप इससे और बेहतर लिख सकते थे। प्रकाशित होने की जल्दबाजी करने के बजाय, बहुत पढ़ें, बहुत लिखें, और आज आपके पास इंटरनेट के माध्यम से पढ़ने की इतनी सारी सुविधाएँ हैं। अनुवाद उपलब्ध हैं ऋतु जी आप भी तो अनुवाद का इतना बेहतरीन काम कर रही हैं। आप डच से हिन्दी में अनुवाद करती हैं, और बाल साहित्य का भी। तो युवाओं के लिए मेरे पास कोई खास संदेश तो नहीं है, न मैं अपने आप को इस लायक समझती हूं लेकिन एक संपादक के रूप में या अपनी उम्र के आधार पर मैं निश्चित रूप से कह सकती हूं लिखिए, बहुत लिखिए, अच्छा लिखिए, गंभीरता से लिखिए, और बहुत पढ़िए। बस मेरे पास कहने के लिए इतना ही है। मेरे पास क्योंकि पहले बहुत सारी व्यस्तताएं थीं, तो अब मेरी इच्छा या मेरी योजना—खैर योजना तो नहीं—लेकिन जो बाकी रह गया है वह यह है कि मैं खूब पढूं और लिखूं और विश्व साहित्य को भी खोजूं।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: बिल्कुल, बिल्कुल, हम सभी आपके नए उपन्यासों, कहानियों या संपादकीय का इंतज़ार करते रहेंगे। अन्नदा दी की एक शिकायत है; उन्होंने कहा कि उनकी एक कहानी थी, संपादक ने उसका अंत बदलने की शर्त रखी तो उन्होंने कहानी वापस ले ली।  खैर, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।

मंजुश्री: कहानी वापस ले ली? नहीं, देखिए नहीं, नहीं, कहानी का अंत बदलना।।। देखिए, हर संपादक का अपना नज़रिया होता है। इसका मतलब यह नहीं है कि अगर किसी संपादक ने आपकी कहानी लौटा दी या शीर्षक/अंत बदलने को कहा, तो आपकी कहानी अच्छी नहीं है। हर किसी के अपने मापदंड होते हैं, तो बुरा मानने की कोई वजह नहीं है। मेरी अपनी रचनाएं, उनमें से इतनी सारी प्रकाशित हुई हैं, इसलिए नहीं कि मैं एक संपादिका रही हूं। मैंने कभी उस तरह से कहा भी नहीं, लेकिन मेरी कहानियां भी वापस आती हैं। ऐसा नहीं है कि “मैं ख़ुद एक संपादिका हूं, तो मेरी कहानी कैसे वापस आ सकती है?” ऐसा नहीं है। मेरी कहानी अभी हाल ही में वापस आई थी।

तो मेरे कहने का मतलब यही है कि अगर आपकी कोई कहानी कहीं से वापस आ गई, तो वह रचना बुरी है।।। नहीं, वह लेखन बुरा नहीं है हो सकता है कि उसमें कुछ सुधार की ज़रूरत हो। इसे फिर से पढ़ें। आपकी रचना कहीं और प्रकाशित हो सकती है, इसलिए बुरा मानने जैसी कोई बात नहीं है। शायद उन्हें लगा हो कि आप जो कहना चाहती थीं वह उस अंत/शीर्षक में नहीं आ रहा था, इसीलिए उन्होंने आपसे इसे बदलने को कहा हो।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: एक आखिरी सवाल हमारे लेखक डॉ। अशोक वशिष्ठ जी का है; वह जानना चाहते हैं कि आपकी कहानी ‘गिन्नी का बस्ता’ लिखते समय आपके मन में क्या चल रहा था? हम यह भी जानना चाहेंगे कि ‘गिन्नी का बस्ता’ में ‘गिन्नी’ कहाँ से आई?

मंजुश्री: गिन्नी आई नहीं, गिन्नी आया। उसका नाम गगन है। सब उसे घर पर गिन्नी कहते थे और यह पूरी कहानी, ‘गिन्नी का बस्ता’, यह एक बच्चे के स्कूल जाने के समय से शुरू होती है  छोटे से बड़े होने तक, उसकी पूरी जिंदगी, स्कूल में क्या होता है, मास्टर साहब ने क्या कहा; मास्टर साहब कैसे थे। कहानी लिखते समय मुझे अपना बचपन याद आया, वे दृश्य तो थे ही, और उसके साथ ही क्योंकि मैं पढ़ाती थी तो स्कूल का पूरा नज़ारा मेरे सामने था कि टीचर कैसे होते हैं, उनको कैसे-कैसे नाम दिए जाते हैं, बच्चे अपनी रफ कॉपियों में क्या लिखते हैं, वे अपने स्कूल बैग में क्या-क्या रखते हैं।

उसका बैग, ‘गिन्नी का बस्ता’ जैसा कि इसका नाम है, उसमें सब कुछ है—बहुत सारे कंचे, कंकड़, गोटियां, टिकट और चॉक, सूखे फूल पत्तियां सब कुछ उसके अंदर है। उसके पास बचपन का वह बैग अब भी है जब वह बड़ा हो गया है और काम कर रहा है; वह बैग उसका सारा खज़ाना समेटे हुए है। जब वह उस खज़ाने को खोलता है, तो उसे एक-एक करके सब कुछ याद आता है और वह अपने पूरे बचपन को अपनी पूरी जिंदगी को फिर से जीता है।

देखिए यह ‘गिन्नी का बस्ता’, यह बैग हर किसी के पास होता है, भले ही आपने बैग न रखा हो, आप बचपन और स्कूल के दिनों की यादें अपने दिल में संजो कर रखते हैं; स्कूल का जीवन सबसे अच्छा समय होता है। मैं व्यक्तिगत रूप से महसूस करती हूँ कि जब आप अपने कॉलेज, अपने स्कूल, अपने सहपाठियों को याद करने लगते हैं, तो कहाँ पहुंच जाते हैं यहाँ तक कि अब भी जब मैं बात कर रही हूं, तो मुझे वह सब याद आ रहा है। उस बैग में स्कूल के दिनों की हर चीज़ रखना, फटी पुरानी रफ कॉपी और चूंकि मैं बच्चों को पढ़ाती थी तो पूरे दृश्य की कल्पना कर सकती थी जब हम शिक्षक होते हैं, तो एक अलग बात होती है लेकिन हम यह भी जानते हैं कि बच्चे हमारे बारे में क्या सोचते हैं तो मैंने शिक्षकों के बारे में जो लिखा वह काफी हद तक सही है जब हम पढ़ते थे तो हम उनके क्या क्या नाम रखते थे, उनके बारे में हमारे क्या विचार थे, कौन अच्छा लगता था कौन नहीं सब याद आ रहा था।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे: वशिष्ठ जी के बहाने हमें भी पता चल गया कि हम सबके पास यह बस्ता है लेकिन इतनी व्यस्तताओं में हम स्कूल के बस्ते को कहीं रख देते हैं और वह कहीं छुप जाता है मैं कहना चाहूंगी कि आज का ये संवाद मात्र एक संवाद नहीं था बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हिंदी साहित्य के एक स्वर्णिम कालखंड का जीवंत दस्तावेज है। आपने अपने संपादन और लेखन के द्वारा जो वैचारिक और सांस्कृतिक विरासत हमें सौंपी है वह सदैव हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी। एक सादगी पसंद, गंभीर और निष्ठावान साहित्यकार का जीवन कैसा होना चाहिए आपका समग्र जीवन इसका उदाहरण है। अपने अमूल्य अनुभव हम सबके साथ साझा करने के लिए मैं गहरी कृतज्ञता व्यक्त करती हूँ।

डॉ. ऋतु शर्मा नन्नन पांडे 

भारत की बेटी, सूरीनाम की बहूँ और नीदरलैंड की स्थाई निवासी 

अध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी संगठन नीदरलैंड 

RituS0902@gmail.com

Leave a Comment